'फिट उत्तराखंड' अभियान को मिलेगा व्यापक विस्तार, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश - Shaurya Mail

Breaking News

‘फिट उत्तराखंड’ अभियान को मिलेगा व्यापक विस्तार, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

 ‘फिट उत्तराखंड’ अभियान को मिलेगा व्यापक विस्तार, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 11 मार्च 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में ‘फिट उत्तराखंड’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाए। उन्होंने इस अभियान के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए सभी विभागों के समन्वय से एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अपर मुख्य सचिव आनंद बर्धन को दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। अभियान में शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो सकें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि फिट उत्तराखंड अभियान के तहत योग, व्यायाम और स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही, स्कूल और कॉलेजों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए ताकि युवा पीढ़ी शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय और स्वस्थ रह सके।

प्रधानमंत्री के आह्वान को आगे बढ़ाएगा अभियान:मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोटापा कम करने के लिए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोगों को अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए और खाने में तेल का उपयोग कम करने की आदत डालनी चाहिए। ‘फिट उत्तराखंड’ अभियान के माध्यम से इस संदेश को प्रदेशभर में प्रसारित किया जाएगा।

जन-जन तक पहुंचेगा ‘फिट उत्तराखंड’ का संदेश:सरकार का लक्ष्य है कि फिट उत्तराखंड अभियान का संदेश प्रदेश के हर नागरिक तक पहुंचे। इस अभियान के तहत विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे आमजन अपनी दिनचर्या में फिटनेस को शामिल करने के लिए प्रेरित हों।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!