परिवार की विरासत को संभाल रहे PM मोदी के मित्र शिंजो आबे, दादा नोबुसुके भी रह चुके हैं प्रधानमंत्री - Shaurya Mail

Breaking News

परिवार की विरासत को संभाल रहे PM मोदी के मित्र शिंजो आबे, दादा नोबुसुके भी रह चुके हैं प्रधानमंत्री

 परिवार की विरासत को संभाल रहे PM मोदी के मित्र शिंजो आबे, दादा नोबुसुके भी रह चुके हैं प्रधानमंत्री

टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर शुक्रवार सुबह उस वक्त हमला हुआ, जब वो नारा में एक चुनावी भाषण दे रहे थे। इसी बीच एक संदिग्ध ने गोलियां चला दीं। जो उनके सीने के पास जाकर लगी। गोली लगने के बाद शिंजो आबे को दिल का दौरा पड़ा। जिसके तुरंत बाद एयर एम्बुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि शिंदो आबे की हालत बेहद नाजुक है। हालांकि प्रधानमंत्री फुमिदो किशिदा ने बताया कि डॉक्टर शिंजो आबे को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

विरासत में मिली राजनीति

शिंजो आबे अपने परिवार की विरासत को आगे बढ़ा रहे थे। उनके दादाजी किशि नोबुसुके जापान के दो बार प्रधानमंत्री रह चुके है। हालांकि उनका कार्यकाल काफी कम रहा। इसके अलावा शिंजो आबे के पिता शिंतारो आबे विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। साल 1993 में पिता की मौत के बाद शिंजो आबे ने राजनीति में उतरने का मन बनाया और पहली बार आम चुनाव में उतरने का फैसला लिया। इसके बाद उनका कद लगातार बढ़ता गया। उन्होंने दो बार जापान की सत्ता संभाली है।

लंबे समय तक PM थे शिंजो आबे

शिंजो आबे साल 2006 में पहली बार जापान के प्रधानमंत्री बने थे। हालांकि 2007 में बीमारी के चलते उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने 2012 में एक बार फिर से जापान के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी और साल 2020 तक इस पद पर रहे।

आपको बता दें कि शिंजो आबे ने 2020 में स्वास्थ्य का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उस वक्त उन्होंने कहा था कि उनकी एक पुरानी बीमारी फिर से उभर आई है। उन्होंने कहा था कि अपने कई लक्ष्यों को अधूरा छोड़ना उनके लिए परेशान करने वाली बात है। उन्होंने सालों पहले उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए जापानी नागरिकों के मुद्दे, रूस के साथ क्षेत्रीय विवाद और जापान के युद्ध त्यागने वाले संविधान के संशोधन के मुद्दों को हल करने में अपनी नाकामी की बात की थी।

पुलिस ने शिंजो आबे पर हमला करने वाले संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आपको बता दें कि पुलिस ने 41 वर्षीय एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। जिसका नाम यामागामी तेत्सुया बताया जा रहा है, जिसके पास से एक बंदूक बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि दो गोलियां चलाई गई थीं। इस हमले के बाद पुलिस सतर्क हो गई और सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए हैं।

मित्र पर हुए हमले से व्यथित हैं PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मित्र शिंजो आबे पर हुए हमले से व्यथित हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि मेरे प्रिय मित्र अबे शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं। आपको बता दें कि शिंजो आबे के भारत के साथ ऐतिहासिक संबंध थे, जिसको ध्यान में रखते हुए भारत ने अपने मित्र देश जापान के पूर्व प्रधानमंत्री को पद्म विभूषण देने का फैसला किया था।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!