भाजपा संगठन पर्व की कार्यशाला में सांगठनिक मजबूती पर जोर, अनुशासनहीन लोगों को नहीं मिलेगा पद - Shaurya Mail

Breaking News

भाजपा संगठन पर्व की कार्यशाला में सांगठनिक मजबूती पर जोर, अनुशासनहीन लोगों को नहीं मिलेगा पद

 भाजपा संगठन पर्व की कार्यशाला में सांगठनिक मजबूती पर जोर, अनुशासनहीन लोगों को नहीं मिलेगा पद

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 10 फरवरी 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से रविवार को संगठन पर्व की प्रदेश कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान संगठन के अधिक मजबूती का संकल्प को दोहराया गया। यह भी स्पष्ट किया गया कि अनुशासनहीन, पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल व्यक्ति को किसी भी कीमत पर पार्टी में नहीं लिया जाएगा ना ही पार्टी में कोई पद दिया जाएगा। व्यक्ताओं ने कहा कि धामी सरकार के ऐतिहासिक और साहसिक कार्यों से पार्टी को देश भर में लाभ मिल रहा है।

संगठन पर्व की प्रदेश कार्यशाला में रेसकोर्स स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में केंद्रीय पर्यवेक्षक राजकुमार चाहर, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में भाजपा संगठन पर्व की प्रदेश कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। यह कार्यशाला दो सत्रों में आयोजित की गई। इस दौरान सभी ने एक सुर में 2027 विधानसभा समेत सभी चुनावों में जीत की दृष्टि से मजबूत संगठन तैयार करने का निर्णय लिया गया।

कार्यशाला के प्रथम सत्र को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबोधित करते हुए कहा कि संगठन पर्व के इस महत्वपूर्ण चरण में मंडल और जिला अध्यक्षों का चयन होना है। उनके आधार पर तैयार होने वाले मजबूत संगठन के नेतृत्व में ही हम 2027 का विधानसभा समेत सभी चुनावों को जीतना है। हमें आने वाली सभी राजनैतिक चुनौतियों के लिए नई टीम बनानी है।

उन्होंने प्रदेश में पार्टी के जीत के अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश ने सरकार बदलने का मिथक तोड़कर नई पर परिपाटी बनाते हुए हमें दूसरी बार मौका मिला है। जीत का यह अनवरत सिलसिला, डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के साथ मजबूत और सक्रिय संगठन और कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत के बदौलत मिल रहा है। इसी टीम को ही 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ सहकारिता, पंचायत सभी चुनावों में शानदार जीत दिलानी है।

कार्यशाला में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में लोकसभा सांसद एवं किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने संगठन चुनाव को लेकर शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि देशभर में नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हम डबल इंजन सरकारों को बार-बार स्थापित करने में कामयाब हो रहे हैं। जिसमें बहुत बड़ा योगदान है हमारे अतुलनीय कार्यकर्ताओं और बेजोड़ संगठन का। राजकुमार चाहर ने 20 फरवरी तक मंडल और 28 फरवरी तक सभी जिलों में अध्यक्ष के चयन की तारीख बताया।

उन्होंने मुख्यमंत्री धामी की तारीफ करते हुए कहा कि देशभर के राज्यों में आपके किये ऐतिहासिक और साहसिक कार्यों की चर्चा हो रही है। समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड इतिहास बनाया है। आज मुख्यमंत्री धामी जहां-जहां जाते हैं उनके प्रवास और प्रयासों का लाभ चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अब मंडल और जिलों में ऐसे सक्षम, समर्थ और समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम चयन का समय आ गया है। अनुशासनहीनता करने वाले को पद नहीं दिया जाएगा।

कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने संगठन पर्व को लेकर आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सभी बूथ इकाइयों की जानकारी शीघ्र सरल ऐप पर डाउनलोड किया जाए।

संगठन चुनाव के राष्ट्रीय सह चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि संगठन के ढांचे के लिए उसकी नींव का मजबूत होना बहुत जरूरी है।

इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि आप सबकी मेहनत हमें चुनाव में लगातार मिल रही जीत में देखा जा सकता है। अब यही कोशिश अपने नई टीम तैयार करने में दिखानी है ताकि जीत का यह अनवरत सिलसिला यूं ही चलता रहे।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि कार्यशाला में आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी गई। जिसके क्रम में सुरेश गरिया ने एक राष्ट्र एक चुनाव कार्यक्रम, राजेंद्र बिष्ट की ओर से संविधान गौरव अभियान, अनिल गोयल की ओर से बजट पर चर्चा, आदित्य कोठारी की ओर से अटल जन्म शताब्दी वर्ष, खिलेंद्र चौधरी ने सहकारिता चुनाव को लेकर अब तक की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

कार्यशाला में प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खेलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी मुकेश कोली, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, मीरा रतूड़ी, प्रदेश कार्यालय सचिव कस्तूभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान पुष्कर काला, विनोद सुयाल, दीप्ति रावत, देहरादून महापौर सौरभ थपलियाल समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चों प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष महामंत्री, विधानसभा पर्यवेक्षक, सह पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!