डीएम ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण - Shaurya Mail

Breaking News

डीएम ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

 डीएम ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

उत्तराखंड(गोपेश्वर),शुक्रवार 25 अप्रैल 2025

बदरीनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने शुक्रवार को बदरीनाथ धाम में संचालित मास्टर प्लान के कार्यों और यात्रा तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को 30 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। मास्टर प्लान के तहत कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने और धाम के मार्गों से निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही जल संस्थान, ऊर्जा निगम और नगर पंचायत के अधिकारियों को सभी यात्री सुविधाओं को समय से दुरस्त करने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण करते हुए ब्रह्म कपाल, रिवर फ्रंट, आस्था पथ, अराइवल प्लाजा, दर्शन लाइन, पंजीकरण काउंटर, सीवर लाइन निर्माण कार्य के साथ अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने वेब कॉस के अधिकारियों को ब्रह्म कपाल से गांधी घाट तक किए जा रहे सुरक्षा कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीआईयू के अधिकारियों को नदी के बहाव को व्यवस्थित करने के आदेश दिए। ताकि नदी का जल स्तर बढ़ने पर ब्रह्म कपाल में तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की समस्या न हो। इस के साथ ही उन्होंने धाम में यात्री सुविधाओं को लेकर उप जिलाधिकारी से जानकारी ली।

उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ट ने बताया कि धाम में बिजली, पानी और संचार सुविधा सुचारू कर ली गई है। वहीं धाम पहुंचे व्यापारियों और अन्य लोगों के बिजली और पानी के कनेक्शन का संयोजन भी शुरू कर लिया गया। उन्होंने बताया कि धाम सुलभ इंटरनेशनल की ओर से शौचालयों को दुरुस्त करने का कार्य अंतिम चरण में है। शौचालयों को सोमवार तक यात्रियों के उपयोग के तैयार कर लिया जाएगा। बताया गया कि धाम के आंतरिक मार्गों का सुधारीकरण भी तेजी से किया जा रहा है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि नगर सफाई की व्यवस्था को लेकर पर्यावरण मित्रों की तैनाती की गई है। साथ ही धाम में क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों का सुधारीकरण किया जा रहा है। जिसका कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। पुलिस की ओर से धाम में थाने का संचालन शुरू कर दिया गया है। पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी बताया कि धाम में किसी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि शेष व्यवस्थाओं को लेकर तेजी से कार्य करते हुए जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। बताया कि धाम की सड़क और पैदल मार्गों पर साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!