Delhi Flood:दिल्ली पुलिस ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में धारा 144 लागू
राजधानी में बढ़ा नदी का जलस्तर, कई इलाकों में धारा 144 लागू, 45 साल पहले आई थी ऐसी त्रासदी
दिल्ली बाढ़: नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। लगातार भारी बारिश से चारों ओर तबाही का मंजर नजर आ रहा है।

नदियों का पानी उफान मार रहा है, जिससे पूरे शहर और गांव के लोगों के हालात बदतर हो गए हैं। इस साल दिल्ली में यमुना के जलस्तर ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। गुरुवार सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर दर्ज किया गया, जो कल रात 11 बजे तक जलस्तर 208.08 मीटर था। कई निचले इलाके यमुना के पानी में डूब गए हैं।
रिंग रोड, निगम बोध घाट, यमुना बाजार, मोनेस्ट्री मार्केट और भैरों मार्ग समेत कई सड़कों पर बाढ़ का पानी आ गया है। इन इलाकों से लोगों को लगातार हटाया जा रहा है। राज्य सरकार ने ऐसे स्थानों पर रहने वाले लोगों से घर खाली करने की अपील की है। हालात को देखते हुए उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार को बैठक बुलाई है। उधर, दिल्ली पुलिस ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में धारा 144 लागू कर दी है।
हालांकि बुधवार रात 11 बजे यमुना का जलस्तर बढ़कर 208.08 मीटर हो गया था। इससे पहले साल 1978 में यमुना का जलस्तर 207.49 मीटर तक जा पहुंचा था, जिसके चलते 45 साल पहले दिल्ली में भीषण बाढ़ आई थी।