देहरादून में नशे के खिलाफ बड़ी पहल : स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में कार्यशाला, युवाओं ने ली नशामुक्त जीवन की शपथ - Shaurya Mail

Breaking News

देहरादून में नशे के खिलाफ बड़ी पहल : स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में कार्यशाला, युवाओं ने ली नशामुक्त जीवन की शपथ

 देहरादून में नशे के खिलाफ बड़ी पहल : स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में कार्यशाला, युवाओं ने ली नशामुक्त जीवन की शपथ

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 25 मार्च 2026

स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नशामुक्ति विषय पर एक विस्तृत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लालतप्पड़ चौकी प्रभारी श्री विनय मित्तल, उप निरीक्षक (एसआई) श्री मनोज कुमार एवं हेड कॉन्स्टेबल श्री विनोद चौधरी ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया।

इस दौरान वक्ताओं ने छात्रों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक असर डालता है।

अधिकारियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और जीवन में सकारात्मक दिशा अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में देहरादून क्षेत्र में बढ़ती नशे से जुड़ी घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई और छात्रों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। साथ ही साइबर जागरूकता और सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रहे गलत प्रभावों से बचने के लिए भी मार्गदर्शन दिया गया।

विश्वविद्यालय की उपाध्यक्षा श्रीमती विदुषी निशंक ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना चाहिए। उन्होंने छात्रों से न केवल स्वयं नशामुक्त रहने, बल्कि समाज में भी जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के अंत में सभी छात्रों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रोफेसर आर.सी. सुंदरियाल, सचिव श्री बालकृष्ण चमोली, कुलसचिव श्री अरविंद अरोड़ा, परिसर निदेशक प्रोफेसर प्रदीप कोठियाल सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!