हर शिक्षित युवा को एक लाख रुपये की अप्रेंटिसशिप का अधिकार देगी कांग्रेस : सुप्रिया श्रीनेत - Shaurya Mail

Breaking News

हर शिक्षित युवा को एक लाख रुपये की अप्रेंटिसशिप का अधिकार देगी कांग्रेस : सुप्रिया श्रीनेत

 हर शिक्षित युवा को एक लाख रुपये की अप्रेंटिसशिप का अधिकार देगी कांग्रेस : सुप्रिया श्रीनेत

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 07 अप्रैल 2024

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने रविवार को यहां कांग्रेस भवन में घोषणा पत्र का लोकार्पण किया। उन्होंने इसे न्याय पत्र की संज्ञा देते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर हर शिक्षित युवा को एक लाख रुपये की अप्रेंटिसशिप का अधिकार देगी। कांग्रेस के सत्ता में आने पर 30 लाख सरकारी नौकरियां देगी। सभी खाली पद कैलेंडर के अनुसार भरे जाएंगे।

राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया ने कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता में बताया कि पेपर लीक से मुक्ति के लिए नये कानून और नीतियां बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना को खत्म किया जायेगा और पहले की तरह सेना में भर्ती होंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को कानूनी हक और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाला एक अधिकार- सहेली हर पंचायत में खोला जाएगा। इसी तरह सावित्री बाई फुले हॉस्टल के तहत कामकाजी महिलाओं के लिए दोगुने हॉस्टल खोले जाएंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारे घोषणा पत्र में यह तय किया गया है कि हर गरीब परिवार की महिला को हर साल 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी। इसी तरह सामाजिक और आर्थिक समानता के लिए हर व्यक्ति हर वर्ग की गिनती होगी, जबकि संवैधानिक संशोधन द्वारा 50 फीसद सीमा हटाकर एससी, एटी और ओबीसी को आरक्षण का पूरा हक दिया जाएगा। किसानों के फसलों के लिए एमएसपी कानूनी गारंटी दी जाएगी। किसानों का कर्ज माफ होगा। कर्ज माफी प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए स्थायी आयोग बनाया जाएगा। इसी तरह किसानों को बीमा भुगतान के माध्यम से सीधे तौर पर लाभ, फसल नुकसान होने पर पर 30 दिन के भीतर सीधे खाते में पैसा ट्रांसफर होगा। उन्होंने श्रमिकों को न्याय दिलाने के लिए सामाजिक सुरक्षा कानून के तहत मनरेगा को चार सौ रुपये प्रतिदिन करने की बात कही है।

पत्रकार वार्ता में करन माहरा, राजीव महर्षि, मथुरा दत्त जोशी, गरिमा दसौनी समेत अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!