कांग्रेस ने सेना को कमजोर किया, उपकरणों में भी घोटाले किए : राजनाथ सिंह - Shaurya Mail

Breaking News

कांग्रेस ने सेना को कमजोर किया, उपकरणों में भी घोटाले किए : राजनाथ सिंह

 कांग्रेस ने सेना को कमजोर किया, उपकरणों में भी घोटाले किए : राजनाथ सिंह

हरियाणा(करनाल),बुधवार 22 मई 2024

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को करनाल के घरौंडा में आयोजित विजय संकल्प रैली में करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के लिए वोट मांगे। इस मौके पर उन्होंने पूरे विपक्ष को आड़े हाथ लिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ की राजनीति की है। अब तो उनके मंसूबे और खतरनाक हो गए हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी कहते हैं अगर किसी के घर के मुखिया की मौत हो जाती है तो उसकी आधी संपत्ति ले ली जाएगी, क्या देश का कोई नागरिक ऐसे कानून को स्वीकार करेगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या उनके शासनकाल में हर रोज घोटाले नहीं हो रहे थे।

भ्रष्टाचार के मामले में कोर्ट के आदेश पर उनके मंत्री को जेल की हवा खानी पड़ी थी। सैम पित्रोदा अनाप शनाप बयान देते थे, इसी कारण कांग्रेस ने उन्हें हटाया। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में हर साल विधानसभा चुनाव होते हैं, पांच साल में लोकसभा चुनाव होते हैं। इस पर समय और पैसा बर्बाद होता है। तीसरी बार मोदी सरकार बनने पर वन नेशन, वन इलेक्शन करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से लेकर 2014 तक कांग्रेस की सरकार थी, तब देश अर्थव्यवस्था के मामले में 11वें स्थान पर था। जब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सत्ता में आए हैं, हम 11वें नंबर से छलांग लगाकर 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं। आज हमारा दुनिया में डंका बजता है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 तक भारत दुनिया की अमेरिका और चीन के बाद तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। अमेरिका होगा, चीन होगा उसके बाद भारत होगा। वर्ष 2047 तक भारत विश्व की महाशक्ति बनेगा। पाकिस्तानी सांसद ने भी कहा है कि भारत विश्व की महाशक्ति बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग स्वाभीमानी होते हैं, वे भूखे रह लेंगे, लेकिन अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगे।

इससे पहले रैली में पहुंचने पर करनाल लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार मनोहर लाल और अन्य नेताओं ने पगड़ी पहनाकर रक्षामंत्री राजनाथ का स्वागत किया। राजनाथ ने कहा कि आज नए भारत का निर्माण हो रहा है, आप खुशकिस्मत हैं कि आपके यहां मनोहर लाल उम्मीदवार हैं। देश का मस्तक ऊंचा होना चाहिए। लक्ष्मीजी कमल के फूल पर घर आती हैं, इसलिए कमल का बटन दबाना है और मेरी अंतिम बात सुन लीजिए कि आप मनोहर लाल को केवल सांसद नहीं चुन रहे हैं कुछ और ही चुन रहे हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी जनता को धोखा दिया। वह झूठा प्रचार कर रहे हैं कि सरकार ने जेल में भिजवाया, लेकिन ऐसा नहीं है। शराब घोटाले के मामले में संजय सिंह भी जेल में गए। राजनाथ सिंह ने कहा कि वो मनोहर लाल को 40-45 वर्ष से ज्यादा समय से जानते हैं। उन पर कभी चरित्र या भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। वे राजनीति में संत की तरह हैं।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!