सीबीआई जांच ही आधार तो पहले हरीश और हरक पर कांग्रेस करे कार्रवाई : महेंद्र भट्ट - Shaurya Mail

Breaking News

सीबीआई जांच ही आधार तो पहले हरीश और हरक पर कांग्रेस करे कार्रवाई : महेंद्र भट्ट

 सीबीआई जांच ही आधार तो पहले हरीश और हरक पर कांग्रेस करे कार्रवाई : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड (देहरादून),शुक्रवार 03 नवंबर 2023

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस को आइना दिखाते हुए कहा कि यदि सीबीआई जांच ही कार्रवाई का मापदंड है तो सबसे पहले उन्हें हरीश और हरक को पार्टी से निकलना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस दोनों को पार्टी से निकाले, हम एक घंटे में अपने विधायक पर कार्रवाई कर देंगे। साथ ही इन्वेस्टर्स समिट को लेकर 2.5 लाख करोड़ के लक्ष्य को पार करने का दावा किया।

पार्टी मुख्यालय में उद्यान प्रकरण को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि सीबीआई जांच को लेकर कांग्रेस दोहरा और सुविधावादी रुख अपनाती हैं। जब पूर्व सीएम हरीश रावत और हरक सिंह रावत पर पर स्टिंग मामले में सीबीआई जांच की बात आती है तो उन्हें सीबीआई पर भरोसा नहीं होता है, लेकिन जब अनायास किसी भाजपा नेता का नाम सीबीआई जांच में आता है तो तुरंत उसे दोषी ठहराते हुए उसके इस्तीफे और पार्टी से निकलने की मांग करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अनुसार यदि सीबीआई जांच को ही इस्तीफे या पार्टी से निकालने का मापदंड माना जाए तो उन्हें पहले ही पूर्व सीएम हरदा और हरक को अपनी पार्टी से निकाल देना चाहिए। उन्होंने चुनौती दी कि वे जिस समय दोनों को पार्टी ने निकाल देंगे, मैं तुरंत एक घंटे में अपने विधायक पर कार्रवाई कर दूंगा।

भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है, यही वजह है कि आईएएस, आईएफएस समेत अनेकों बड़े अधिकारियों को भी आरोप लगने पर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। जहां तक सवाल है उद्यान प्रकरण का तो जैसे ही मामला संज्ञान में आया, मुख्यमंत्री धामी और संबंधित मंत्री ने विभाग के आरोपित मुखिया पर तुरंत कार्रवाई की। विधायक ने भी अपना पक्ष सार्वजनिक किया है और आगे जो भी जांच होगी। उसमें जो भी दोषी पाया जाएगा उसपर कड़ी कार्रवाई के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

निवेश को लेकर पूछे गए कांग्रेस के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस राज्य के विकास के लिए निवेश को लेकर कभी गंभीर नहीं रही है चाहे सत्ता में हो या विपक्ष में, लेकिन जहां तक धामी सरकार की बात है तो वे इन्वेस्टर्स समिट को लेकर पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़े है। सरकार ने सभी क्षेत्रों में संसाधनों की उपलब्धता, जरूरी ढांचागत सुविधाओं को स्थापित कर और निवेशक की मांग पर विस्तृत अध्ययन किया है और इस तैयारी का लाभ हमें मिला है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अब तक लगभग 90 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और दिसंबर माह के समिट तक हम लक्ष्य से भी आगे निकल जाएंगे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!