विधायक के कृत्य की आलोचना का साहस नहीं जुटा पा रही कांग्रेस: महेन्द्र भट्ट
देहरादून, 21 सितंबर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व अपने विधायक के कृत्य पर आलोचना का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। भाजपा में ऐसी परिस्थिति उत्पन्न होने पर उचित फोरम पर समझाया और चेताया जाता है।
भट्ट ने पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि विधानसभा अध्यक्ष सभी ब्यूरोक्रेट्स और अन्य अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ प्रोटोकाल का पालन करने के लिए निर्देशित कर चुकी हैं। फिर भी कहीं कोई समस्या आती है तो उचित फोरम पर मामला संज्ञान में लाया जा सकता है, लेकिन विधायक हो या अन्य जनप्रतिनिधि, किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती है।
महेन्द्र भट्ट ने कहा कि जिस तरह निदेशक के फोन नहीं उठाने के एकतरफा बयान देकर, अपने विधायक की करतूत से बचने की कोशिश कांग्रेस के बड़े नेता कर रहे हैं वह उनकी पार्टी के अराजक चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के भाजपा नेताओं पर हुई कार्यवाही के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हमारे यहां जब भी ऐसा प्रकरण आया उसकी सार्वजनिक आलोचना की गयी और संबंधित व्यक्ति को चेताया भी गया।
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष में थोड़ा भी साहस है तो वे अपने विधायक से सवाल जवाब तो दूर,आलोचना करने या उस कृत्य की चर्चा भी कर सके। राज्य की जनता सब देख और परख रही है। निश्चित ही आगामी चुनावों में जनता इसका जवाब देगी।