वित्त आयोग दौरे को लेकर मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा - Shaurya Mail

Breaking News

वित्त आयोग दौरे को लेकर मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा

 वित्त आयोग दौरे को लेकर मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 17 मई 2025

राज्य में प्रस्तावित 16वें वित्त आयोग के दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में आयोग के आगमन, कार्यक्रमों और बैठकों से जुड़ी सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

इस मौके पर मुख्य सचिव ने कहा कि वित्त आयोग के आगमन से लेकर प्रस्थान तक की समुचित व्यवस्थाएं दुरूस्त रखी जाएं। उन्होंने कहा कि प्रोटोकोल के अनुसार सम्पर्क अधिकारियों और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाए। आयोग की ओर से देहरादून और नैनीताल में हितधारकों के साथ की जाने वाली विभिन्न प्रस्तावित बैठकों व प्रेस कॉन्फ्रेंस आदि की उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

मुख्य सचिव ने कहा कि आयोग के समक्ष रखे जाने वाले बिन्दुओं को केन्द्रित दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि आयोग के बदरीनाथ और केदारनाथ दौरे के दौरान यदि मौसम खराब होता है तो ऐसी परिस्थिति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर सचिव दिलीप जावलकर सहित सभी सम्बन्धित विभागों के विभागाध्यक्ष व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!