मुख्य सचिव ने राज्यपाल को सिलक्यारा राहत बचाव कार्य की दी जानकारी - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्य सचिव ने राज्यपाल को सिलक्यारा राहत बचाव कार्य की दी जानकारी

 मुख्य सचिव ने राज्यपाल को सिलक्यारा राहत बचाव कार्य की दी जानकारी

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 21 नवंबर 2023

मुख्य सचिव और सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने सोमवार को राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर उत्तरकाशी जनपद के सिलक्यारा के पास सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए किए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

मुख्य सचिव डॉ.एस.एस.संधु ने कहा कि श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राज्य और केंद्रीय एजेंसियों द्वारा परस्पर समन्वय और तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि विपदा की इस घड़ी में श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालना सर्वाेपरि है। उन्होंने कहा कि सुरंग में फंसे श्रमिकों के परिजनों का भी मनोबल बनाए रखना जरूरी है। राज्यपाल ने श्रमिकों को सकुशल निकालने के लिए अभी तक किए गए प्रयासों पर भी संतोष व्यक्त किया।

राज्यपाल ने फंसे हुए श्रमिकों के धैर्य और साहस की सराहना की और कहा कि वे सभी योद्धा हैं,जो इस विपरीत चुनौती का सामना कर जल्द सुरक्षित बाहर आ जाएंगे। राज्यपाल ने सभी के सकुशल बाहर निकलने की कामना की।

बता दें कि 12 नवंबर को यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में भूस्खलन के बाद 41 श्रमिक फंस गए थे उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!