मुख्यमंत्री ने जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से भेंट कर लिया आशीर्वाद - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से भेंट कर लिया आशीर्वाद

 मुख्यमंत्री ने जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से भेंट कर लिया आशीर्वाद

उत्तराखंड(हरिद्वार),शनिवार 24 फरवरी 2024

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कनखल स्थित जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम में जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री हवन यज्ञ में भी शामिल हुए।

जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम कनखल में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के अवसर पर आज स्वामी प्रकाशानंद के षोडश निर्वाण महोत्सव के अवसर पर यज्ञ व भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, व विधायकगण शामिल हुए। सभी ने हवन यज्ञ में आहूतियां डाली और प्रदेश में कॉमन सिविल कोड लागू होने की खुशी में भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूड़ी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कैबिनेट मंत्रियों ने आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता के दौरान कहा कि समान नागरिक संहिता प्रदेश में लागू करने के लिए उत्तराखंड के लोगों ने इस पर हमें अपना समर्थन दिया है। इस मसले पर सब से वार्ता करने के बाद हम इसे राज्य में लागू करने का निर्णय ले सके हैं। उन्होंने कहा कि हमारी अपेक्षा है कि देश के अन्य राज्य भी इसे लागू करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान में समानता के अधिकार की व्यवस्था है। इसलिए यह देश में कहीं भी लागू हो सकता है।

जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने भी इसके लिए मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष समेत कैबिनेट के सदस्यों और विधायकों को शुभकामनाएं दीं।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!