मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री से की भेंट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्ट के लिए मांगी विशेष सहायता - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री से की भेंट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्ट के लिए मांगी विशेष सहायता

 मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री से की भेंट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्ट के लिए मांगी विशेष सहायता

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 10 अक्टूबर 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट की। इस दौरान राज्य के सर्वाधिक बारिश से प्रभावित 10 जिलों के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के उन्नयन और सुधार के लिए विशेष सहायता योजना के अंतर्गत 8,589.47 करोड़ की परियोजनाओं को स्वीकृति देने की मांग की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने जीएसटी सुधारों के सफल क्रियान्वयन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड राज्य को दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के शहरी क्षेत्रों में जनसंख्या का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील एवं भारी वर्षा वाले प्रदेश में नगरीय जल निकासी प्रणाली के सुधार और अपग्रेडेशन की बहुत आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य के बाह्य सहायतित परियोजनाओं की शीघ्र स्वीकृति का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रस्तुत तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से उत्तराखंड क्लाइमेट रिज़िलीअन्स डेवलपमेंट प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिल चुकी है। इसी के साथ राज्य सरकार की ओर से सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन सुदृढ़ीकरण परियोजना के लिए 850 करोड़ रुपये और जलापूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए 800 करोड़ का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री से इन परियोजनाओं की शीघ्र स्वीकृति कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री को पूर्व में मिले आश्वासन के क्रम में उत्तराखंड को वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बाह्य सहायतित परियोजनाओं की सीलिंग के अतिरिक्त 4 अन्य प्रमुख परियोजनाओं को भी शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इन परियोजनाओं में 2000 करोड़ की जल एवं स्वच्छता नगरीय अवसंरचना विकास परियोजना, 424 करोड़ रुपये की डीआरआईपी -III, 3638 करोड़ रुपये की उत्तराखंड क्लाइमेट रेसिलिएंट इंट्रा स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन सिस्टम डेवलपमेंट और 1566 करोड़ रुपये की उत्तराखंड पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन रिलायबिलिटी इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं राज्य के बुनियादी ढांचे, जल संसाधन प्रबंधन, ऊर्जा और सार्वजनिक सर्विस डिलीवरी व्यवस्था को मज़बूती प्रदान करेंगी। धामी ने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उन्हें को हरसंभव सहयोग के प्रति आश्वस्त किया।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!