मुख्यमंत्री ने सुनी जन समस्याएं, शीघ्र समाधान के दिये निर्देश - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने सुनी जन समस्याएं, शीघ्र समाधान के दिये निर्देश

 मुख्यमंत्री ने सुनी जन समस्याएं, शीघ्र समाधान के दिये निर्देश

देहरादून, मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में बड़ी संख्या में आए लोगों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, जमीन से संबंधित और अन्य समस्याओं को बताया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जायेगा। अधिकांश जन समस्याओं और शिकायतों का मौके पर ही समाधान के अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समाधान तेजी से हो इसके लिए जिलाधिकारियों को प्रत्येक कार्य दिवस में दो घंटे जन समस्याओं को सुनने के निर्देश दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे स्वयं जनपदों के भ्रमण के दौरान सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लगातार फीडबैक ले रहे हैं। जिलाधिकारियों को जनपदों में जनता दरबार, तहसील दिवस और बीडीसी की नियमित बैठकें करने के भी निर्देश दिये गये हैं जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण हमारा मकसद है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि जो भी जन शिकायतें एवं समस्याओं के लिए पत्र प्राप्त हुए हैं, उनको समाधान के लिए शीघ्र संबंधित अधिकारियों को भेजा जाए। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की अनावश्यक रूप से लोगों के कार्यों में विलंब किया जा रहा है, उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपनी शिकायतें सीएम हेल्पलाइन 1905 पर भी दर्ज कराने की अपेक्षा की है। इस पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की भी व्यवस्था बनायी गई है। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांध कर उनके मंगलमय जीवन की कामना की, मुख्यमंत्री ने सभी को रक्षाबंधन की बधाई दी।

इस मौके अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव एस. एन. पाण्डे, आईजी के.एस. नगन्याल आदि मौजूद थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!