मुख्यमंत्री ने माँ वाराही धाम के नवनिर्माण का किया शिलान्यास - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने माँ वाराही धाम के नवनिर्माण का किया शिलान्यास

 मुख्यमंत्री ने माँ वाराही धाम के नवनिर्माण का किया शिलान्यास

उत्तराखंड(चंपावत),शुक्रवार 20 मार्च 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चम्पावत के प्रसिद्ध माँ वाराही शक्तिपीठ धाम, देवीधुरा में नवनिर्माण कार्य का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का धाम दौरा स्थगित हो गया था, जिसके बाद उन्होंने डिजिटल माध्यम से क्षेत्रवासियों को इस ऐतिहासिक अवसर की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि माँ वाराही धाम सदियों से श्रद्धा और आस्था का केंद्र रहा है। उन्होंने इसे धार्मिक के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना का भी एक प्रमुख केंद्र बताया। धामी ने बग्वाल मेले को परंपरा, वीरता और सामूहिक आस्था का प्रतीक बताते हुए इसे राजकीय मेला घोषित करने को राज्य सरकार की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मंदिर के नवनिर्माण के बाद यह धाम राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित होगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम, शक्तिपीठों और सिद्धपीठों के संरक्षण और पुनरुत्थान के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। धामी ने आगे कहा कि ‘विकास भी और विरासत भी’ उनकी सरकार का मूल मंत्र है। इसी सिद्धांत के तहत राज्य में धार्मिक स्थलों का सुनियोजित और संरक्षित विकास किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, उपाध्यक्ष राज्य आयोग राजशेखर जोशी, विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, प्रदेश मंत्री निर्मल महारा, कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष लोहाघाट गोविंद वर्मा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, जिला उपाध्यक्ष राजू बिष्ट आदि माैजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!