मुख्यमंत्री ने किया स्वदेशी दिवाली मेले का शुभारंभ - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने किया स्वदेशी दिवाली मेले का शुभारंभ

 मुख्यमंत्री ने किया स्वदेशी दिवाली मेले का शुभारंभ

उत्तराखंड(उधम सिंह नगर),मंगलवार 03 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में नगर निगम की ओर से आयोजित स्वदेशी दिवाली मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लघु व्यापारियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहित करने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के साथ ही आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने मेले में स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए उत्पादों, सजावटी सामान और दीपावली से जुड़ी वस्तुओं के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने व्यापारियों से उनके व्यवसाय और उत्पादों के संबंध में जानकारी ली तथा स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी महापौर विकास शर्मा की पहल पर नगर निगम की ओर से गांधी पार्क में स्वदेशी मेले का आयोजन किया गया था। इस आयोजन के माध्यम से छोटे और लघु कारोबारियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया गया था।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वदेशी दिवाली मेले के माध्यम से स्थानीय लघु व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर छोटे व्यापारियों को कारोबार के लिए बेहतर अवसर मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। गांधी पार्क में मेले के आयोजन से जहां स्थानीय व्यापारियों को रोजगार और व्यवसाय का अवसर मिलेगा, वहीं शहर की सड़कों पर लगने वाली ठेलियों को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!