मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को दी बड़ी सौगात, 196 को मिलेगा एसडी और एसीपी का लाभ - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को दी बड़ी सौगात, 196 को मिलेगा एसडी और एसीपी का लाभ

 मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को दी बड़ी सौगात, 196 को मिलेगा एसडी और एसीपी का लाभ

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 22 अगस्त 2025

राज्य सरकार ने प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के 196 चिकित्साधिकारियों को विशेषज्ञता डिग्री (एसडी) और आश्वासित करियर प्रोग्रेशन (एसीपी) का लाभ देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हमारे डॉक्टर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर पहाड़ की कठिन परिस्थितियों में भी चिकित्सक पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। उनके हितों का ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता है। एसीपी का लाभ मिलने से चिकित्सकों को न केवल आर्थिक मजबूती मिलेगी बल्कि सेवा के प्रति और अधिक समर्पण की भावना भी बढ़ेगी। सरकार हमेशा अपने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ खड़ी है।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के चिकित्साधिकारियों को एसीपी का लाभ शासनादेश में निहित प्रावधानों के तहत प्रदान किया जाएगा। स्क्रीनिंग कमेटी की संस्तुति के आधार पर इस लाभ की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कुल 196 पदों का विवरण इस प्रकार है। लेवल 11 में 70 पद स्वीकृत हैं, जिनका ग्रेड पे 5400 है। लेवल 12 में 56 पद हैं जिनका ग्रेड पे 6600 निर्धारित है। लेवल 13 में दो श्रेणियां हैं, जिनमें 27 पद 7600 ग्रेड पे व 43 पद 8700 ग्रेड पे वाले हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर सभी स्तरों को मिलाकर 196 पद बनते हैं। इस फैसले से बड़ी संख्या में चिकित्साधिकारियों को लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!