Breaking News

मुख्यमंत्री धामी बोले- कांग्रेस के हैं तीन मित्र, तुष्टिकरण-भ्रष्टाचार-काली कमाई, समाज हित से कोई चिंता नहीं

 मुख्यमंत्री धामी बोले- कांग्रेस के हैं तीन मित्र, तुष्टिकरण-भ्रष्टाचार-काली कमाई, समाज हित से कोई चिंता नहीं

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 31 मार्च 2024

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में परिवारवाद की राजनीति को बढ़ाया है। 60 वर्षों तक एक पार्टी के एक ही परिवार के शासन ने भारत को पीछे ढकेला है। कांग्रेस को महिलाओं का सम्मान करना नहीं आता है। देश में बड़े से बड़े घोटाले कांग्रेस ने किए हैं। कांग्रेस के लोगों के तीन ही मित्र रहे हैं, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, काली कमाई। कांग्रेस को समाज हित से कोई चिंता नहीं है।

मंडी मैदान सहिया में रविवार को टिहरी लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार माला राज्यलक्ष्मी शाह के पक्ष में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देवभूमि में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड की जनता ने विधानसभा चुनाव 2022 में पुनः भाजपा की सरकार बनाकर मिथक तोड़ने का काम किया था। अब 19 अप्रैल को भाजपा उम्मीदवार माला राज्यलक्ष्मी शाह को भारी मतों से विजयी बनाकर मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने में योगदान देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हुए बदलाव और विकास कार्य किसी से छिपे नहीं हैं। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने के काम जारी है। रोजगार, स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। महिलाएं खुद आगे बढ़ने के साथ दूसरो को भी रोजगार से जोड़ रही हैं। राज्य निर्माण आंदोलन से लेकर राज्य के विकास में महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं।

सैनिकों के उत्थान के लिए काम कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार सैनिकों और पूर्व सैनिकों के उत्थान के लिए काम कर रही है। देहरादून में सैन्य धाम बनाने का काम जारी है। इसका निर्माण कार्य जल्द पूरा होने वाला है। डबल इंजन की सरकार निरंतर नई कीर्तिमान हासिल कर रही है।

नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा जौनसार बावर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जौनसार बावर का क्षेत्र नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। चकराता को बड़े पर्यटन स्थल के तौर पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य जारी है। चकराता टाउनशिप को बसाने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है। इसके लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके बनने से कालसी चकराता एवं पूरे जौनसार बावर के 40 गांव को विकसित किया जाएगा।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!