जनरल बिपिन रावत की जयंती पर मुख्यमंत्री धामी ने किया भावपूर्ण स्मरण
उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 16 मार्च 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, पद्म विभूषण से अलंकृत एवं उत्तराखंड के गौरव बिपिन रावत की जयंती पर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनरल बिपिन रावत ने अपने अदम्य साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर भारतीय सशस्त्र बलों को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के लिए समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल रावत केवल एक कुशल सैन्य अधिकारी ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के प्रतीक थे। उनके नेतृत्व में सेना की क्षमता और समन्वय को नई मजबूती मिली, जो देश की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ।
उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत का राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस और कर्तव्यपरायणता युवाओं सहित समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।