मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ जवानों का किया अभिनंदन, बोले- हरिद्वार कुंभ में प्रयागराज महाकुंभ के अनुभव आएंगे काम - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ जवानों का किया अभिनंदन, बोले- हरिद्वार कुंभ में प्रयागराज महाकुंभ के अनुभव आएंगे काम

 मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ जवानों का किया अभिनंदन, बोले- हरिद्वार कुंभ में प्रयागराज महाकुंभ के अनुभव आएंगे काम

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 05 मार्च 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एसडीआरएफ जवानों को सम्मानित करते हुए कहा कि हरिद्वार कुंभ में प्रयागराज महाकुंभ के अनुभव काम आएंगे। एसडीआरएफ टीम ने महाकुंभ में अपनी दक्षता का कुशल परिचय देकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।

मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री धामी ने एसडीआरएफ के 112 कार्मिकों के वापस आने पर आयोजित महाकुंभ प्रयागराज 2025 अभिनन्दन कार्यक्रम में यह बात कही। इस मौके पर उन्होंने एसडीआरएफ की टीम को पुरस्कार स्वरूप 05 लाख रुपये का चेक भी सौंपा। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ में बेहतर सेवाएं देने पर एसडीआरएफ की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये अनुभव हरिद्वार के 2027 कुंभ में काम आएंगे। कुंभ को भव्य रूप से आयोजित करने में मदद भी मिलेगी। इस महाकुंभ से हमारे जवानों का आत्मविश्वास बढ़ा है और भीड़ का कुशल प्रबंधन करने में सफल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म के महासंगम की चुनौती को संभालना चुनौतीपूर्ण कार्य था। बेहतर व्यवस्थाओं और प्रबंधन से उत्तर प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड सरकार का सर ऊंचा हुआ है। यही अनुभव 2027 के कुंभ में मददगार साबित होंगे। हमारा प्रयास है कि वाहनों के लिए सुनियोजित पार्किंग व्यवस्था हो जिसके लिए सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। इन चुनौतियों से पार पाने के लिए एसडीआरएफ की ओर से सराहनीय कार्य किए गए हैं। श्रेष्ठ आपदा प्रबंधन में एसडीआरएफ की अहम भूमिका रही है। आपदा प्रबंधन के लिए क्विक रिस्पॉन्स और अत्याधुनिक उपकरणों से राज्य में आपदा के प्रभाव को कम करने में काफी मदद मिली है।

इस मौके पर राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति उपाध्यक्ष विनय रोहिला, सचिव गृह शैलेश बगोली, डीजीपी दीपम सेठ, एडीजी अमित सिन्हा, वी मुरुगेशन, ए. पी अंशुमन, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, आईजी एसडीआरएफ रिद्धिम अग्रवाल, कमांडेंट एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी, एसडीआरएफ के अधिकारी और जवान उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!