चंपावत सर्किट हाउस विस्तारीकरण कार्य में तेजी लाएं : मुख्यमंत्री - Shaurya Mail

Breaking News

चंपावत सर्किट हाउस विस्तारीकरण कार्य में तेजी लाएं : मुख्यमंत्री

 चंपावत सर्किट हाउस विस्तारीकरण कार्य में तेजी लाएं : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 06 दिसम्बर 2023

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चंपावत को सर्किट हाउस का विस्तारीकरण का कार्य तेजी से करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

मंगलवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आदर्श चम्पावत के तहत संचालित योजनाओं और प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सर्किट हाउस के विस्तारीकरण में आधुनिकता के समावेश के साथ पर्वतीय शिल्प कला का प्रयोग किया जाए। जनपदों में बेहतर निर्माण कार्यों में जिलाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके लिए उन्हें सजगता से कार्यों का नियमित रूप से अनुश्रवण करना होगा। उन्होंने कहा कि सर्किट हाउस में जनता मिलन के लिए उपयुक्त स्थल के साथ सभागार भी बनाया जाय। आवागमन के लिए सुगम मार्ग का निर्माण भी किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत आने वाले समय में बड़ा डेस्टिनेशन बने इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी चंपावत को निर्देश दिये कि चंपावत में नई टाउनशिप विकसित किये जाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। मानसखण्ड मन्दिर माला मिशन पर तेजी से कार्य हो रहे हैं। इस कार्य के बाद चम्पावत में भी श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी।

उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि भविष्य में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावनाओं के दृष्टिगत सम्पर्क मार्गों के विस्तारीकरण और सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी विशेष ध्यान दिया जाए। चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में किये जा रहे कार्यों में और तेजी लाई जाए।

जिलाधिकारी चम्पावत नवनीत पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा के तहत चम्पावत में मास्टर प्लान के तहत भूमि चिन्हित कर 05 जोन बनाये गये हैं। जिसमें स्टेडियम, कल्चरल थियेटर, गोल्ज्यू मंदिर परिसर, मल्टीस्टोरी पार्किंग और एप्रोच रोड से सबंधित कार्ययोजना बनाई गई है। इस मौके पर सचिव विनोद कुमार सुमन और जिला प्रशासन चम्पावत के अधिकारी उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!