मुख्यमंत्री से मिले भाजपा विधायक, स्नातक स्तरीय परीक्षा निरस्त करने की मांग - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री से मिले भाजपा विधायक, स्नातक स्तरीय परीक्षा निरस्त करने की मांग

 मुख्यमंत्री से मिले भाजपा विधायक, स्नातक स्तरीय परीक्षा निरस्त करने की मांग

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 11 अक्टूबर 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर छात्रहित में स्नातक स्तरीय परीक्षा निरस्त करने पर विचार करने का आग्रह किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने अब तक 25 हजार से अधिक नियुक्तियां और सीबीआई जांच पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इस प्रकरण को लेकर छात्रों की भावनाओं से अवगत कराया गया।

प्रतिनिधित्व मंडल में खजान दास, दिलीप सिंह रावत, विनोद कंडारी, बृज भूषण गैरोला, दुर्गेश्वर लाल, सुरेश चौहान, मोहन सिंह बिष्ट, रेणु बिष्ट शामिल रहे, जिसमें उनके द्वारा पार्टी की तरफ से सौंपे ज्ञापन पत्र में, हाल में संपन्न स्नातक स्तरीय यूकेएसएसएसी परीक्षा को छात्रहित में निरस्त करने पर विचार करने का आग्रह किया गया।

खजान दास ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सीएम का अब 25,300 लोगों को सरकारी नियुक्ति देने के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही धन्यवाद देते हुए कहा कि जब पेपर लीक का मामला सामने आया तो मुख्यमंत्री ने बहुत बड़ा मन करके छात्रों के बीच गए और उनकी भावनाओं के अनुशार सीबीआई जांच की घोषणा की। उस समय भी मुख्यमंत्री की ओर से विश्वास दिलाया गया था कि यदि छात्रों के भविष्य को देखते हुए आगे जो भी कदम जरूरी होंगे उन्हें उठाया जाएगा।

इस मौके पर सभी विधायकों ने एक स्वर में छात्रों को प्रदेश और देश का भविष्य बताते हुए अनुरोध किया कि हम सब की इच्छा है कि छात्रों के मन में किसी भी तरह की शंका न रहे इसलिए पूर्व में संपन्न हुई स्नातक स्तरीय परीक्षा को निरस्त किया जाए। इससे पूर्व भी परीक्षा में हुई नकल प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी जांच की संस्तुति की गई हैं ताकि कहां गड़बड़ी हुई और कौन उसका जिम्मेदार है उन्हें सामने लाया जाए। लेकिन एक भी छात्र के मन में परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर किसी प्रकार का संदेह न हो इसलिए मुख्यमंत्री की ओर से सीबीआई जांच की संस्तुति की गई है।

प्रतिनिधि मंडल में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बताया कि अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा देने वाले छात्रों और उनके परिजनों से बातचीत हुई है। जनप्रतिनिधि होने के नाते छात्रों, युवाओं की भावनाओं से सरकार को अवगत कराया गया है। हम सबकी चिंता है कि तमाम छात्र जिन्होंने परीक्षाएं दी है या फिर जो भविष्य में इनमें सफल होंगे,उनके प्रयासों को लेकर किसी तरह का संदेह उत्पन्न ना हो। इसलिए पार्टी की तरफ से छात्रहित में इस परीक्षा को निरस्त करने पर विचार करने का मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है। प्रतिनिधि मंडल में मुख्यमंत्री से मिलने वालों में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!