चुनाव नजदीक आते ही हरक बनेंगे कांग्रेस के लिए खतरा : महेंद्र भट्ट - Shaurya Mail

Breaking News

चुनाव नजदीक आते ही हरक बनेंगे कांग्रेस के लिए खतरा : महेंद्र भट्ट

 चुनाव नजदीक आते ही हरक बनेंगे कांग्रेस के लिए खतरा : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 23 अगस्त 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही हरक सिंह रावत कांग्रेस के लिए खतरा बनेंगे।

प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की मौजूदगी में शुक्रवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री, सांसदों के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के बाद महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों से बातचीत में यह बातें कही। बैठक में पंचायत चुनाव के परिणामों, 27 विधानसभा चुनाव और प्रदेश एवं जिला टीमों के गठन पर चर्चा हुई। इस दौरान सभी सांसदों ने पंचायत चुनाव में शानदार जीत में सरकार और संगठन के समन्वय और आपदा प्रबंधन को लेकर जमकर प्रशंसा की।

दिल्ली में हुई इस बैठक की जानकारी देते हुए भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश अधयक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, महारानी माला राज्यालक्ष्मी शाह और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार शामिल हुए। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यत, वर्तमान पंचायत चुनाव में पार्टी के पक्ष में आए परिणाम के साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। साथ ही राज्य सरकार की उपलब्धियां, सांसदों की आगामी संगठन कार्यक्रम को लेकर सक्रियता, पार्टी के प्रदेश और जिला कार्यकारिणियां का गठन विषय शामिल रहे।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि 2027 के चुनाव की दृष्टि और सरकार एवं संगठन को लेकर सांसदों के विचार आए हैं। सरकार की ओर से राज्य में चलाए जा रहे जन कल्याणकारी कार्यों एवं मानसून सत्र की कार्यवाही की जानकारी साझा की गई। संगठन के आगामी कार्यक्रमों में किस तरह सांसदों की भूमिका और अधिक प्रभावी हो इसको लेकर उनके मंडलों और बूथों तक दौरों को लेकर भी चर्चा हुई।

महेंद्र भट्ट ने हरक सिंह पर सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जनता ने तो उनको पहले ही हैसियत दिखा दी है, उनकी स्थिति खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे जैसी बन गई है। जैसे-जैसे चुनाव समीप आएंगे हरक सिंह रावत खुद कांग्रेस के लिए बड़ी मुसीबत बनने वाले हैं।

एक प्रकरण में युवा मोर्चा पदाधिकारी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कानून अपना काम कर रहा है। आरोपित पदाधिकारी पुलिस की हिरासत में है, पार्टी की ओर से भी उसे सभी पदों से तत्काल निकाल दिया गया है। भाजपा की सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करती है इसलिए दोषी कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!