बिल लाओ ईनाम पाओ योजना के तहत 14वें लकी ड्रॉ की घोषणा - Shaurya Mail

Breaking News

बिल लाओ ईनाम पाओ योजना के तहत 14वें लकी ड्रॉ की घोषणा

 बिल लाओ ईनाम पाओ योजना के तहत 14वें लकी ड्रॉ की घोषणा

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 18 जनवरी 2024

वित्त मंत्री डॉ. प्रेम चन्द अग्रवाल की ओर से “बिल लाओ इनाम पाओ” योजना के तहत गुरुवार को विधान सभा स्थित सभागार कक्ष में ऑनलाइन माध्यम से दिसम्बर 2023 में उपभोक्ताओं की ओर से अपलोड किये गये बिलों को 14वें लकी ड्रॉ की घोषणा की गई।

इस मौके पर मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा कि आज 14 वें मासिक लकी ड्रॉ के ऐसे विजेताओं का चयन किये जाने के लिए आयोजित किया गया है, जिनके ओर से पंजीकृत व्यापारियों से की गयी खरीद पर प्राप्त बिल को अपलोड किया गया है। मासिक लकी ड्रॉ में 01 दिसम्बर, 2023 से 31 दिसम्बर, 2023 तक की अवधि में की गयी खरीद पर अपलोड किये गए कुल 78,106 बिलों को शामिल किया गया है।

मंत्री ने कहा कि “बिल लाओ इनाम पाओ” योजना के अन्तर्गत अब तक लगभग 72,969 उपभोक्ता पंजीकृत हुए हैं, जिनके ओर से लगभग 207.20 करोड़ मूल्य के 4,41,820 बिल अपलोड किये गये हैं। योजना की लोकप्रियता को देखते हुए योजना के अंतर्गत मासिक पुरस्कार दिए जाने की अवधि को दिनांक 30 नवम्बर, 2023 से बढ़ाकर दिनांक 31 मार्च, 2024 तक किया गया है। योजना की लोकप्रियता इतनी अधिक है कि अन्य राज्यों की ओर से भी इस योजना का अनुसरण किया जा रहा है। वहीं केन्द्र सरकार की ओर से इस तरह की योजना लांच की गई है।

वित्त मंत्री ने कहा कि ग्राहकों को मासिक पुरस्कार के अंतर्गत 1500 पुरस्कार दिए जा रहे हैं। आज के पश्चात भी प्रत्येक माह 31 मार्च, 2024 तक उपभोक्ताओं के पास बिल अपलोड करने पर मासिक पुरस्कार के रूप में 500 मोबाइल फोन, 500 स्मार्ट वॉच तथा 500 ईयर फोन को जीतने का अवसर होगा।

मंत्री ने बताया कि गत वर्ष 2022-23 (माह दिसम्बर तक) 5596 करोड़ राजस्व की तुलना में संगत वर्ष 2023-24 (माह दिसम्बर तक) में 6122 करोड़ राजस्व प्राप्त किया गया है, जो कि लगभग 9 प्रतिशत अधिक है। माह दिसम्बर, 2022 में प्राप्त राजस्व 573 करोड़ की तुलना में माह दिसम्बर, 2023 में प्राप्त राजस्व 684 करोड़ है, जो कि लगभग 19 प्रतिशत अधिक है।

इस अवसर पर डॉ.अहमद इकबाल, आयुक्त राज्य कर सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के रूप में आई,एस.बृजवाल, अपर आयुक्त (विशेष वेतनमान) राज्य कर, अनिल सिंह, अपर आयुक्त राज्य कर, अमित गुप्ता, अपर आयुक्त राज्य कर, अनुराग मिश्रा, संयुक्त आयुक्त राज्य कर तथा एस.एस. तिरुवा, संयुक्त आयुक्त राज्य कर उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!