कृषि मंत्री जोशी ने कृषि विज्ञान मेला का किया शुभारंभ - Shaurya Mail

Breaking News

कृषि मंत्री जोशी ने कृषि विज्ञान मेला का किया शुभारंभ

 कृषि मंत्री जोशी ने कृषि विज्ञान मेला का किया शुभारंभ

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 11 दिसम्बर 2024

प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को सेलाकुई स्थित माया ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में आयोजित दो दिवसीय कृषि विज्ञान मेले का उद्घाटन किया। इस मौके पर मंत्री जोशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया। कृषि मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित हर्बल उद्यान एवं प्रयोग केंद्र में तुलसी के पौधे का रोपण भी किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश में धामी सरकार द्वारा चयनित फसलों की खेती को बढ़ावा देने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत बासमती, सुगंधित बासमती, औषधीय पौधे, सब्जियां, फूल, फल और दूध उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका उद्देश्य भोजन, पोषण और आजीविका को सुरक्षित करना है।

गणेश जोशी ने कहा कि आज भारत कृषि उत्पादन में दूसरे स्थान पर है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि 2030 तक भारत विश्व का नंबर एक कृषि उत्पादक बने। इसके लिए राज्य में जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, साथ ही नई तकनीकों का भी उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने छोटे और सीमांत किसानों को सरकार की योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि जिनके पास 2 हेक्टेयर से कम भूमि है, उन्हें आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस योजना के तहत हर किसान को प्रतिवर्ष 6 हज़ार रुपए (तीन महीने में 2,000 रुपए) की न्यूनतम आय सहायता दी जाती है।

मंत्री जोशी ने माया देवी विश्वविद्यालय के कृषि क्षेत्र में किए जा रहे सराहनीय कार्यों की भी तारीफ की और कहा कि इस ग्रुप द्वारा आयोजित कृषि विज्ञान मेला किसानों और वैज्ञानिकों के बीच ज्ञान साझा करने का एक बेहतरीन मंच है।

इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विश्वविद्यालय अध्यक्ष एम.ए.ली तिवाल, उपाध्यक्ष डॉ. तृप्ति जुयाल सेमवाल, कुलपति सी सिंह, डॉ. मनोज पांडे, आशीष डबराल, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!