गैरसैंण में कांग्रेस का विधानसभा घेराव
उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 27 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के पहले दिन मंगलवार को उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, पलायन, अंकिता भंडारी प्रकरण समेत कई मुद्दो लेकर गैरसैंण में विधानसभा का घेराव किया।
पुलिस प्रशासन ने भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा से लगभग 30 किलोमीटर दूर विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद गणेश गोदियाल, हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, प्रदेश सहप्रभारी मनोज यादव, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, मुकेश नेगी, हरिकृष्ण भट्ट सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिवालीखाल पहुंचे, जहां पुलिस प्रशासन के साथ तीखी झड़प हुई। इस दौरान पुलिस ने गोदियाल समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
विधानसभा सत्र के दौरान भी विपक्षी दल के विधायकों ने धामी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड की जनता अनेक बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। सड़कों की बदहाली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के आरोप, महिला सुरक्षा और जंगली जानवरों के आतंक जैसे सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को विधानसभा के भीतर और बाहर उठाती रहेगी।
गोदियाल ने विधानसभा सत्र की कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि सोमवार को मुख्यमंत्री के विभागों से संबंधित प्रश्नों पर चर्चा की संभावना रहती है, लेकिन सत्र की कार्यसूची और अवधि ऐसी होनी चाहिए कि मुख्यमंत्री सहित सभी विभागों को जनहित के सवालों का जवाब देना पड़े। उन्होंने सवाल किया कि जब मुख्यमंत्री के विभागों से जुड़े प्रश्नों के लिए पर्याप्त अवसर ही नहीं मिलेगा, तो विपक्ष जनता की समस्याओं के जवाब किससे मांगेगा?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के युवाओं, महिलाओं, किसानों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के सवालों को मजबूती से उठाती रहेगी तथा अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय सहित प्रदेश के सभी ज्वलंत मुद्दों पर जवाबदेही की मांग जारी रखेगी।