एसडीआरएफ उत्तराखंड ने आईएसओ 9001 प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की - Shaurya Mail

Breaking News

एसडीआरएफ उत्तराखंड ने आईएसओ 9001 प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की

 एसडीआरएफ उत्तराखंड ने आईएसओ 9001 प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 26 सितंबर 2026

आपदा प्रबंधन और बचाव सेवाओं में गुणवत्ता, मानकीकरण और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) उत्तराखंड ने आईएसओ 9001 प्रमाणन की निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर ली है। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट में इस संबंध में आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।

एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण, संसाधन प्रबंधन और बचाव प्रक्रियाओं में गुणवत्ता सुधार किया जा रहा है। इसी क्रम में 14 जुलाई को भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की टीम ने एसडीआरएफ मुख्यालय का प्रथम ऑडिट किया था। बीआईएस के पूर्व वैज्ञानिक ‘जी’ एवं उप महानिदेशक विष्णु गुप्ता ने सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी की मौजूदगी में वाहिनी की विभिन्न शाखाओं और कार्यप्रणालियों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण प्रणाली, दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन, संसाधन प्रबंधन और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का मूल्यांकन किया गया।

एसडीआरएफ के अनुसार निर्धारित मानकों और आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए आईएसओ 9001 प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की गई है। इससे कार्यप्रणाली के मानकीकरण, बेहतर दस्तावेजीकरण और जवाबदेही के साथ संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन तथा प्रशिक्षण एवं बचाव प्रक्रियाओं में निरंतर गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा मिलेगा।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि एसडीआरएफ आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और मानकीकृत प्रक्रियाओं के माध्यम से आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि आईएसओ 9001 प्रमाणन की दिशा में यह उपलब्धि बल की कार्यक्षमता और प्रभावी आपदा प्रबंधन सेवाओं को और मजबूत करेगी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!