पुलिस लाइन में कृष्ण भक्ति की धूम, राज्यपाल और सीएम हुए शामिल - Shaurya Mail

Breaking News

पुलिस लाइन में कृष्ण भक्ति की धूम, राज्यपाल और सीएम हुए शामिल

 पुलिस लाइन में कृष्ण भक्ति की धूम, राज्यपाल और सीएम हुए शामिल

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 05 सितंबर 2026

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को देहरादून की पुलिस लाइन कृष्ण भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आई। यहां आयोजित भव्य जन्माष्टमी समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। दोनों ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के संदेश को आज भी प्रासंगिक बताया।

समारोह में कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री धामी ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सम्मानित किया। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं तथा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उपदेशों को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने तथा समाज और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, जनप्रतिनिधि तथा शासन-प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!