देहरादून समेत 4 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट - Shaurya Mail

Breaking News

देहरादून समेत 4 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

 देहरादून समेत 4 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 10 अगस्त 2026

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है और राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट और येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, किसी भी जिले के लिए रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान बागेश्वर, चंपावत, देहरादून और नैनीताल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।

देहरादून में सोमवार तड़के से बारिश का दौर जारी है। देर रात शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह से दोपहर 12 बजे तक लगातार होती रही,जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। भारी बारिश के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के बंजारावाला,धर्मपुर और आसपास के कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया। लगातार बारिश के बीच देहरादून के कारगी चांदचक इलाके में एक मकान गिरने की सूचना भी सामने आई है। मकान गिरने की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है।

इस बीच प्रशासन ने देहरादून जिले में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) के खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम संबंधी चेतावनी के अनुसार मुताबिक कालसी, विकासनगर, सेलाकुई, कोटी, राजपुर और आसपास के क्षेत्रों में कम से मध्यम स्तर की अचानक बाढ़ का खतरा है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान बागेश्वर, चंपावत, देहरादून और नैनीताल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। 9 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 10 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक मैनुअल वर्षामापी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार डीडीहाट में सर्वाधिक 90.4 मिलीमीटर बारिश हुई। बेरीनाग में 57.3, धारचूला में 57.2, देहरादून में 56.6, पिथौरागढ़ में 43.5, जखोली में 42, उखीमठ में 37.5, जौलीग्रांट में 36.2, कपकोट में 34, सोमेश्वर में 32, लोहाघाट में 31.4 और चंपावत में 24 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

स्वचालित मौसम केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक देहरादून के हाथीबड़कला में सबसे अधिक 116.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा थल में 110.5, जौलजीबी में 84.5, डीडीहाट में 71, विकासनगर में 68.5, बेरीनाग में 63.5, किच्छा में 60, मोहकमपुर में 56.5, चाल्ठी में 55, कांडा और झूलाघाट में 52-52 तथा मालदेवता में 49.5 मिलीमीटर वर्षा हुई।

भारी बारिश के कारण चारधाम यात्रा मार्गों समेत सीमांत क्षेत्रों में कई सड़कें प्रभावित हुई हैं। ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-134 सिलाई बैंड और पालीगाड़ के पास मलबा आने से बाधित हुआ था। हालांकि, सुबह करीब 7:20 बजे मार्ग को यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया।

तवाघाट-गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग पर किलोमीटर 61, 64 और 76 के पास मलबा और पत्थर आने से यातायात प्रभावित है। मार्ग को खोलने का काम जारी है। धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलागाड़ के पास मलबा आने से यातायात बाधित है। सीमांत क्षेत्र में मुनस्यारी-मिलम मार्ग किलोमीटर 24 के पास बंद है, जिसे खोलने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घाट-पनार-गंगोलीहाट राष्ट्रीय राजमार्ग-309ए पर गुप्तड़ी के पास मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध है।

प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित मार्गों से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटे हैं। लगातार बारिश के मद्देनजर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!