कॉमनवेल्थ पदक विजेताओं और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित - Shaurya Mail

Breaking News

कॉमनवेल्थ पदक विजेताओं और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित

 कॉमनवेल्थ पदक विजेताओं और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 08 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्लासगो, स्कॉटलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के पदक विजेताओं और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को राज्य के लिए गौरव और युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।

सम्मानित होने वालों में पैरा एथलीट शुभम जुयाल (रजत पदक विजेता, रुड़की), जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा (कांस्य पदक विजेता,देहरादून) सहित उनके प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत, सतीश चंद्र शर्मा, पुनेश कुमार सिंह और भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानंद बेलवाल शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों और परिवारों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है, इसलिए प्रशिक्षकों का सम्मान भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल नीति को और प्रभावी बनाया गया है, जिसके तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति और विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं दी जा रही हैं। महिला खिलाड़ियों, दिव्यांग खिलाड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण और प्रशिक्षकों के क्षमता विकास के माध्यम से उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!