मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

 मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

उत्तराखंड(खटीमा),शनिवार 01 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र एवं संतोषजनक समाधान मिले। मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की तथा विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण और 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, छह ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन,40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां और वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल हैं।

उन्होंने ग्रामोत्थान रीप योजना के अंतर्गत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर एवं सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहन तथा एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी सौंपी।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू,किशन सिंह किन्ना,गंभीर सिंह धामी,रणजीत सिंह नामधारी,मोहिनी पोखरिया,जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति,मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी,अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा,जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!