सिख प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने पर सरकार का जताया आभार - Shaurya Mail

Breaking News

सिख प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने पर सरकार का जताया आभार

 सिख प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने पर सरकार का जताया आभार

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 03 जुलाई 2026

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से शुक्रवार को लोक भवन में सिख समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हाल में उत्पन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से संवेदनशील एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य सरकार, मुख्यमंत्री तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रशासन की ओर से परिस्थितियों का संतुलित, संयमित और संवेदनशील ढंग से किया गया प्रबंधन सामाजिक सौहार्द, एकता और अखंडता बनाए रखने में महत्वपूर्ण साबित हुआ। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों में विश्वास का वातावरण बना रहा।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि सिख पंथ ने सदैव राष्ट्र प्रथम और सरबत दा भला की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश सिख परंपरा की सबसे बड़ी पहचान है, जो समाज को सद्भाव और एकता का मार्ग दिखाती है।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड ने हमेशा अतिथि देवो भवः की परंपरा का पालन करते हुए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का खुले मन से स्वागत किया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार सभी धार्मिक यात्राओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

राज्यपाल ने कहा कि चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक सभी इंतजाम किए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, ऋषिकेश के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, सिंह सभा डोईवाला के अध्यक्ष गुरदीप सिंह, सिंह सभा देहरादून के अध्यक्ष गुरबक्स सिंह राजन, गुरुद्वारा रेसकोर्स के अध्यक्ष बलबीर सिंह साहनी तथा सिंह सभा नूनावाला के अध्यक्ष ओंकार सिंह सहित सिख समुदाय के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!