श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों पर चलकर विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें : मुख्यमंत्री धामी - Shaurya Mail

Breaking News

श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों पर चलकर विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें : मुख्यमंत्री धामी

 श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों पर चलकर विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें : मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 02 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लिए कार्य करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया जाना डॉ. मुखर्जी के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है।

गुरुवार को आईआरडीटी सभागार,सर्वे चौक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित 15 दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत महानगर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी राष्ट्र प्रथम की भावना के प्रतीक थे। उन्होंने उन्हें महान शिक्षाविद्, दूरदर्शी विचारक और भारत की एकता-अखंडता के प्रखर प्रहरी बताते हुए कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना कर उन्होंने राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत आधार दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार किया। उन्होंने इसे देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी डॉ. मुखर्जी के विचारों के अनुरूप समानता, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है। इसके अलावा सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू कर राज्य ने सुशासन की दिशा में नई मिसाल पेश की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं राज्य के विकास को गति दे रही हैं। वहीं, होमस्टे योजना, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण और स्टार्टअप को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने और संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!