प्रधानमंत्री की अपील से प्रेरित होकर साइकिल चला रहे कार्यकर्ता का नड्डा ने बढ़ाया उत्साह - Shaurya Mail

Breaking News

प्रधानमंत्री की अपील से प्रेरित होकर साइकिल चला रहे कार्यकर्ता का नड्डा ने बढ़ाया उत्साह

 प्रधानमंत्री की अपील से प्रेरित होकर साइकिल चला रहे कार्यकर्ता का नड्डा ने बढ़ाया उत्साह

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 27 जून 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत की अपील से प्रेरित होकर स्थानीय यात्राओं के लिए नियमित रूप से साइकिल का उपयोग कर रहे भाजपा कार्यकर्ता नवीन ठाकुर का केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को उत्साहवर्धन किया।

जॉलीग्रांट हवाई अड्डे पर उत्तराखंड पहुंचने पर नड्डा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान की मौजूदगी में नवीन ठाकुर से मुलाकात की तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

नड्डा ने कहा कि साइकिल का उपयोग केवल ईंधन बचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, बेहतर स्वास्थ्य और यातायात का दबाव कम करने की दिशा में भी प्रभावी पहल है। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग छोटी दूरी की यात्रा साइकिल से करें तो ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा।

नवीन ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा 10 मई 2026 को देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील किए जाने के बाद उन्होंने स्थानीय आवागमन के लिए साइकिल को नियमित परिवहन का माध्यम बना लिया। उन्होंने कहा कि अब तक वह चार हजार किलोमीटर से अधिक साइकिल चला चुके हैं और इसके माध्यम से ऊर्जा संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वह सहसपुर, विकासनगर, डाकपत्थर और देहरादून सहित स्थानीय क्षेत्रों में अपने अधिकांश संगठनात्मक कार्य साइकिल से करते हैं। उनके घर से भाजपा प्रदेश कार्यालय की दूरी लगभग 37 किलोमीटर है और वह प्रतिदिन करीब 70 से 80 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हैं। दूरस्थ जिलों के दौरे के दौरान भी वह यथासंभव दोपहिया वाहन का उपयोग कर चारपहिया वाहनों पर निर्भरता कम रखने का प्रयास करते हैं।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!