राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक थे डॉ. मुखर्जी : मुख्यमंत्री धामी
उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 23 जून 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्रीय एकीकरण के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में धामी ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण स्मरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पित जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा का आदर्श भावी पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में दिए गए उनके अमूल्य योगदान को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।