अल्मोड़ा दौरे पर धामी का विकास मंत्र, क्षेत्रीय मांगों पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं - Shaurya Mail

Breaking News

अल्मोड़ा दौरे पर धामी का विकास मंत्र, क्षेत्रीय मांगों पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

 अल्मोड़ा दौरे पर धामी का विकास मंत्र, क्षेत्रीय मांगों पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

उत्तराखंड(अल्मोड़ा),रविवार 21 जून 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा जिले के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार निर्माण, चमतोला खेल मैदान के निर्माण, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम, जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर स्थल के सौंदर्यीकरण, खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है और उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। राज्य सरकार सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

धामी ने कहा कि जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए मास्टर प्लान के तहत वहां विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ अवधारणा के माध्यम से स्थानीय संस्कृति और स्वरोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने नक़ल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी व्यवस्था और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय दन्या में 4.96 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे और श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, कुंदन लटवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!