समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी - Shaurya Mail

Breaking News

समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

 समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड(खटीमा),रविवार 14 जून 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी रविवार को खटीमा प्रवास के दूसरे दिन शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत संचालित दीदी कैफे का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत थारू सांस्कृतिक नृत्य, पुष्पमालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पारदर्शिता और तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को भी दोहराया।

मुख्यमंत्री ने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सभी से सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता भी वितरित की गई। मत्स्य, कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य तथा सहकारिता विभाग की ओर से पात्र लाभार्थियों को अनुदान, उपकरण और ऋण सहायता प्रदान की गई।

इससे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि धामी सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खटीमा सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!