तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण है मोदी सरकार की नीति : पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 12 जून 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कहा कि मोदी सरकार की नीति तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतुष्टिकरण की रही है। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि आज देश 88 से 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है, जबकि 11 करोड़ से अधिक महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है। जनधन योजना, आयुष्मान भारत और अन्य कल्याणकारी योजनाओं ने आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में भी घर-घर पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से हर नागरिक को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वीर सैनिकों ने हर युद्ध में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और नया भारत हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले देश में प्रतिदिन लगभग 11 किलोमीटर सड़क निर्माण होता था, जो अब बढ़कर 34 किलोमीटर प्रतिदिन हो गया है। भारत आज घरेलू विमानन के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ धाम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में आज केदारनाथ दिव्य और भव्य स्वरूप में विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने माणा को देश का अंतिम गांव नहीं, बल्कि पहला गांव घोषित कर सीमांत क्षेत्रों के विकास को नई दिशा दी है।
धामी ने कहा कि आधुनिकता और विरासत के संरक्षण के साथ सांस्कृतिक पुनर्जागरण का कार्य भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव रहा है और राज्य में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जिन योजनाओं को उपेक्षित किया गया, उन्हें भाजपा सरकार ने आगे बढ़ाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के लिए उत्तराखंड केवल चुनावी पर्यटन का केंद्र रहा है। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे के रद्द होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व प्रदेश के प्रति गंभीर नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में अधूरे रह गए अनेक कार्यों को बीते 12 वर्षों में गति मिली है। डिजिटल इंडिया, जनधन योजना, जीएसटी, कोविड काल में सफल टीकाकरण अभियान और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशीकरण जैसी उपलब्धियां मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को 12 वर्षों के सफल कार्यकाल के लिए देवभूमि उत्तराखंड की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, अनिल गोयल, राजेंद्र नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।