उत्तराखंड में सुबह से ही बारिश जारी, ऑरेंज और येलो अलर्ट
उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 05 जून 2026
उत्तराखंड में शुक्रवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को अलर्ट रहने की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाओं को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। चारधाम यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता अपनाई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के पर्वतीय जिलों में भी गर्जन, बिजली चमकने और तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं ओलावृष्टि, तेज बौछारें और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 6 जून को भी पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है।