राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में नैनीताल जनपद भी सम्मानित
उत्तराखंड(नैनीताल),बुधवार 27 मई 2026
उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी अल्मोड़ा में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 32 संस्थानों, संगठनों एवं व्यक्तियों और जिला स्तरीय सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को पुरस्कृत किया। इसमें नैनीताल जनपद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को पुरस्कार से सम्मानित करते हुए बधाई दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह अवसर उन व्यक्तित्वों एवं संस्थाओं को सम्मानित करने का है, जिन्होंने समाजहित में अनुकरणीय कार्य करते हुए सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत संकल्प और परिश्रम से असाधारण उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि एक समय नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, जबकि अब राज्य देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन, सीमांत क्षेत्रों के विकास, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि तथा प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण तथा ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में हुए सकारात्मक बदलावों से रिवर्स पलायन को भी बढ़ावा मिला है। बताया गया कि समारोह में घोषित जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उत्तरकाशी एवं नैनीताल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बागेश्वर, चमोली एवं टिहरी को तृतीय स्थान मिला।