सनातन संस्कृति और सेवा भावना का केंद्र बनेगी आनंद धर्मशाला : मुख्यमंत्री धामी
उत्तराखंड(हरिद्वार),रविवार 24 मई 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नई धर्मशाला का रविवार काे लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और देश की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में समाज के लोगों ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत राष्ट्र की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार का सजीव उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु माँ गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण पुण्य और सराहनीय कार्य है, जो आगामी कुंभ और चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु तेजी से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि हर श्रद्धालु को सुव्यवस्थित और सुरक्षित अनुभव मिल सके।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति को मिली वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए काशी विश्वनाथ कोरिडोर, केदारनाथ-बद्रीनाथ मंदिर सहित कई धार्मिक परियोजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में केदारखंड एवं मानसखंड क्षेत्रों के प्राचीन मंदिरों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य निरंतर प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सनातन मूल्यों और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम में हरिचेतनानंद महाराज, मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विनय रोहिला, विशाल पटेल, संतोष पटेल, आशाराम सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भूल्लर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए ट्रस्टी और श्रद्धालु मौजूद रहे।