जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : धन सिंह रावत  - Shaurya Mail

Breaking News

जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : धन सिंह रावत 

 जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : धन सिंह रावत 

उत्तराखंड(पौड़ी गढ़वाल),गुरुवार 14 मई 2026

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को विकासखंड पाबौ पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, आधारभूत ढांचे के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सरकार की प्राथमिकता बताया।

कार्यक्रम में उन्होंने जरूरतमंद लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ का निरीक्षण कर मरीजों का हालचाल जाना। कैबिनेट मंत्री ने लगभग 49 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें विकासखंड पाबौ आवासीय परिसर के मरम्मत कार्य हेतु 10 लाख रुपये, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ के मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य हेतु 9.76 लाख रुपये, सीएचसी परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य हेतु 9.69 लाख रुपये, टाइप-1 आवासीय भवन के रंग-रोगन एवं मरम्मत कार्य हेतु 9.79 लाख रुपये तथा टाइप-2 आवासीय भवन के रंग-रोगन एवं मरम्मत कार्य हेतु 9.73 लाख रुपये की योजनाएं शामिल हैं।

कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा आमजन को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाबौ क्षेत्र में संचालित विकास कार्य स्थानीय जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विवेकाधीन कोष से जरूरतमंद लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जरूरतमंद परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर मंत्री ने विकासखंड स्तर पर संचालित योजनाओं की समीक्षा को लेकर खंड स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त जिला पर्यटन विकास अधिकारी व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व मंत्री डॉ. शिवानंद नौटियाल के पैतृक गांव कोटला स्थित आवासीय भवन में संग्रहालय स्थापित किए जाने को लेकर चर्चा की गई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने क्षेत्र की विद्युत समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके बाद आयोजित ग्राम प्रहरियों की बैठक में मंत्री ने ग्राम सभाओं में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने क्षेत्र को नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त बनाने के लिए जनजागरुकता अभियान चलाने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख लता रावत, अधिशासी अभियंता लोनिवि शिवम मित्तल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, एसडीओ विद्युत गोविंद रावत आदि शामिल रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!