मुख्यमंत्री ने शहद उत्पादन का किया अवलोकन,45 दिनों में 520 किलोग्राम उत्पादन - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने शहद उत्पादन का किया अवलोकन,45 दिनों में 520 किलोग्राम उत्पादन

 मुख्यमंत्री ने शहद उत्पादन का किया अवलोकन,45 दिनों में 520 किलोग्राम उत्पादन

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 25 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास परिसर में शहद निकालने की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस वर्ष मात्र 45 दिनों की अवधि में परिसर में 520 किलोग्राम शहद उत्पादन दर्ज किया गया है, जिसे राज्य में मधुमक्खी पालन की संभावनाओं का संकेत माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय और वन क्षेत्रों में शहद उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि वन क्षेत्रों में बी-बॉक्स स्थापित करने के लिए प्रभावी नीति तैयार की जाए, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत मधुमक्खी पालन को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे जुड़े किसानों और उद्यमियों को विशेष सब्सिडी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि इस क्षेत्र में अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन को तेजी से बढ़ावा देकर इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इसे स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर आय बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित को निर्देश दिए कि आवास परिसर में वर्षभर शहद उत्पादन के लिए उपयुक्त पुष्पीय एवं परागयुक्त पौधों का रोपण किया जाए। साथ ही “थ्री-बी” (बर्ड फ्रेंडली, बी फ्रेंडली, बटरफ्लाई फ्रेंडली) गार्डन विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू किया जाए।

उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस और हरेला जैसे अवसरों पर “थ्री-बी” आधारित पौधारोपण अभियान चलाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी पहलें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन को भी स्थायी रूप से बढ़ावा देंगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!