द हैरिटेज स्कूल नॉर्थ कैंपस को 18 रन से हराकर न्यू दून ब्लॉसम स्कूल बना चैंपियन
उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 20 अप्रैल 2026
द हैरिटेज स्कूल, नॉर्थ कैंपस सहस्त्रधारा रोड के मैदान में अंतरविद्यालयी अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में सुमितांश पुंडीर की शानदार 54 रनों की बदौलत न्यू दून ब्लॉसम स्कूल ने द हैरिटेज स्कूल नॉर्थ कैंपस की टीम को 18 रनों से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा किया।
यहां सहस्त्रधारा रोड स्थित द हैरिटेज स्कूल नॉर्थ कैंपस के मैदान में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे स्कूल के चेयरमैन चौधरी अवधेश कुमार व निदेशक सिद्धार्थ चौधरी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान न्यू दून ब्लॉस स्कूल एवं मेजबान द हैरिटेज स्कूल नॉर्थ कैंपस के बीच फाइनल मैच खेला गया। न्यू दून ब्लॉसम स्कूल के कप्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
मैच में सलामी बल्लेबाज के रूप में सुमितांश पुंडीर एवं आयुष्मान बडोनी मैदान में उतरे और दोनों ही बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए अपनी टीम के लिए रनों की झड़ी लगा दी। मैदान में इस मैच को देखने के लिए सभी में जबरदस्त रोमांच दिखाई दिया। मैच में न्यू दून ब्लॉसम स्कूल की टीम के खिलाड़ियों ने निर्धारित ओवर में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए शानदार 145 रन बनाकर विपक्षी टीम के समक्ष जीत के लिए 146 रनों का लक्ष्य रखा।
मैच में लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान में उतरी द हैरिटेज स्कूल नॉर्थ कैंपस की टीम ने भी शुरूआती दौर से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया अपनी टीम के लिए रन बटोरे। मैच में खिलाड़ियों में काफी पसीना बहाया और लक्ष्य साधने के लिए मैदान में डटे रहे लेकिन निर्धारित ओवर में टीम 127 रन ही बना पाई और 18 रन से मैच हार गई।
मैच में न्यू दून ब्लॉसम स्कूल के बेहतरीन खिलाड़ी सुमितांश पुंडीर को मैन ऑफ द मैच व आयुष्मान बडोनी को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार इस अवसर पर मुख्य अतिथि चौधरी अवधेश कुमार व निदेशक सिद्धार्थ चौधरी ने विजेता एवं उप विजेता टीमों को ट्राफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष अवधेश चौधरी ने विजेता टीम को जीत की बधाई दी और अन्य खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हार और जीत सिक्के के दो पहलू हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी टीम को निराश न होकर अपनी कमियों को पहचान कर उसमें सुधार लाने की आवश्यकता है। स्कूल के निदेशक सिद्धार्थ चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या दीपाली सिंह, काउंसलर शुभि थापा, खेल शिक्षक आयुष मित्तल सहित शिक्षक शिक्षिकाएं, छात्र छात्राएं एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।