मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर परखी सीएम हेल्पलाइन शिकायत, फुटपाथ का किया निरीक्षण - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर परखी सीएम हेल्पलाइन शिकायत, फुटपाथ का किया निरीक्षण

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 17 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत की गंभीरता को देखते हुए समीक्षा बैठक से पहले स्वयं जाखन क्षेत्र का दौरा किया और मौके पर स्थिति की पड़ताल की।

शिकायत में राजपुर रोड पर विद्युत लाइन अंडरग्राउंड करने के बाद फुटपाथ को हुए नुकसान और मरम्मत में लापरवाही का आरोप लगाया गया था। देहरादून के जाखन निवासी विवेक मदान ने, राजपुर रोड पर विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के कारण फुटपाथ को हुए नुकसान की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी।

मदान ने शिकायत में उल्लेख किया था कि जाखन में पहले सड़क किनारे फुटपाथ बनाया गया, बाद में यूपीसीएल ने इस फुटपाथ को खोदकर, अंडरग्राउंड लाइन बिछा डाली। लेकिन इस दौरान मिट्टी का भरान ठीक से नहीं किया गया, जिस कारण फुटपाथ की टाइल्स बैठ गई हैं। शिकायतकर्ता विवेक मदान ने बताया था कि निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए फुटपाथ की सही भरान न होने से टाइल्स धंस गई हैं, जिससे आमजन को असुविधा हो रही है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री को सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करनी थी, लेकिन सीएम ने समीक्षा बैठक से पहले शिकायत की पड़ताल करने सीधे जाखन का रुख किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर अपने मोबाइल से वीडियो कॉल के माध्यम से अधिकारियों को वास्तविक स्थिति दिखाई और कार्य में समन्वय की कमी पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि अंडरग्राउंड कार्य के बावजूद कई स्थानों पर ऊपर दिखाई दे रही विद्युत लाइनों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

सीएम धामी ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण न केवल जनता को परेशानी होती है, बल्कि सरकारी संसाधनों की भी बर्बादी होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य योजना के अनुसार और समन्वित तरीके से पूरे किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि प्रदेश में इस प्रकार की सभी शिकायतों की समीक्षा कर विशेष अभियान चलाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से भी बातचीत कर फीडबैक लिया।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!