मानव-वन्यजीव संघर्ष, जमरानी बांध व पर्यटन पर सीएम सख्त
उत्तराखंड(हल्द्वानी),रविवार 12 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान खोजने और विभागीय स्तर पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग,अलर्ट सिस्टम लगाने और वन विभाग और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने को कहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में नैनीताल जनपद के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियों और विकास परियोजनाओं को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए। पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढामुक्त रखने,ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत करने, शटल सेवा और वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग,नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में जमरानी बांध परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे तराई-भावर क्षेत्र में पेयजल संकट दूर होगा और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।
इसके अलावा बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। विद्युत और पेयजल व्यवस्थाओं को ग्रीष्मकाल और मानसून से पहले दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे और कैंचीधाम बाईपास निर्माण कार्य 30 मई तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट,विभिन्न जनप्रतिनिधि, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।