शिवम कश्यप की भाजपा में घर वापसी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता - Shaurya Mail

Breaking News

शिवम कश्यप की भाजपा में घर वापसी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता

 शिवम कश्यप की भाजपा में घर वापसी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता

उत्तराखंड(हरिद्वार),शनिवार 04 अप्रैल 2026

लक्सर क्षेत्र में शनिवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब क्षेत्र के सक्रिय युवा नेता शिवम कश्यप ने भाजपा का दामन थाम लिया। लंढौरा में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाकर औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल किया। समारोह के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही।

गौरतलब है कि शिवम कश्यप ने पिछले निकाय चुनाव के दौरान भाजपा से नाराज होकर बसपा का दामन थाम लिया था। बताया जाता है कि टिकट न मिलने के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी, हालांकि वे सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी माने जाते रहे हैं। बसपा ने उन्हें लक्सर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए टिकट भी दिया था, लेकिन उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने के बजाय वर्तमान चेयरमैन संजीव कुमार नीटू के समर्थन में खड़े होकर संगठनात्मक भूमिका निभाई थी। अब एक बार फिर भाजपा में घर वापसी को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा में लगातार युवाओं और जनप्रतिनिधियों का विश्वास बढ़ रहा है। पार्टी विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की नीति पर काम कर रही है, जिससे प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि शिवम कश्यप एक सक्रिय और जनसेवा से जुड़े कार्यकर्ता हैं। उनके भाजपा में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

शिवम कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी में वापसी का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!