मुख्यमंत्री ने जुगमन्दर हॉल के नवीनीकरण का किया लोकार्पण, पार्क विकास कार्यों का शिलान्यास - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने जुगमन्दर हॉल के नवीनीकरण का किया लोकार्पण, पार्क विकास कार्यों का शिलान्यास

 मुख्यमंत्री ने जुगमन्दर हॉल के नवीनीकरण का किया लोकार्पण, पार्क विकास कार्यों का शिलान्यास

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 03 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजोते हुए तेजी से आधुनिक शहर के रूप में विकसित हो रहा है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री धामी यहां नगर निगम में आयोजित एक कार्यक्रम में जुगमन्दर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण के बाद लाेगाें काे संबाेधित कर रहे थे। यह कार्य 2.32 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुआ है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण सहित निगम क्षेत्र के छह स्थानों पर पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शहरी विकास को नई दिशा मिल रही है। उन्हाेंने स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने निगम देहरादून के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में निगम का राजस्व 52 करोड़ रुपये से बढ़कर 73 करोड़ रुपये हो गया है, जो लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि है। उन्होंने सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने पर विशेष जोर देते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सक्रिय कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से देहरादून को स्वच्छ और विकसित शहर बनाने में सहयोग की अपील की।

1400 करोड़ की परियोजनाओं पर काम जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य तेजी से चल रहा है। शहर में ठोस कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने बताया कि शहर में अब तक 35 पार्क विकसित किए जा चुके हैं, जबकि केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित बड़े पार्क का निर्माण किया गया है। इसके अलावा जल संरक्षण के लिए रिचार्ज पिट, पर्यावरण संरक्षण के लिए 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और 11 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और ट्रैफिक प्रबंधन पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड रोड निर्माण की योजना तैयार की जा रही है। साथ ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शीघ्र शुभारंभ से शहर में आवागमन और तेज होगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रामसिंह कैड़ा, खजान दास, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!