मुख्यमंत्री से बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की भेंट,न्यायिक सुधारों पर की चर्चा - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री से बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की भेंट,न्यायिक सुधारों पर की चर्चा

 मुख्यमंत्री से बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की भेंट,न्यायिक सुधारों पर की चर्चा

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 25 मार्च 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और प्रदेश के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

प्रतिनिधिमंडल ने न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की प्रशंसा करते हुए अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण, न्यायालय परिसरों में सुविधाओं के विस्तार और न्यायिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के प्रयासों पर आभार व्यक्त किया।

बैठक के दौरान नई आपराधिक संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इन संहिताओं के लागू होने से न्याय प्रणाली अधिक त्वरित और जनोन्मुखी बनेगी। मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में अधिवक्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्यायिक अधोसंरचना के विकास, न्यायालय परिसरों के आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और ई-कोर्ट प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए बार भवनों के निर्माण, पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने, न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने और आमजन को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि अधिवक्ताओं एवं बार संगठनों के सुझावों को प्राथमिकता के साथ लिया जाएगा।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!